×

MS Dhoni Birthday : बचपन की दोस्त साक्षी से सालों बाद होटल में हुई थी माही की मुलकात, फिर ऐसे शुरू हुई थी इनकी लव स्टोरी

 

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 7 जुलाई को अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। धोनी जहां अपनी प्रोफेशनल लाइफ में काफी सफल हैं वहीं वह अपनी निजी जिंदगी में भी काफी खुश हैं। उनकी शादी साक्षी सिंह रावत से हुई है और उनकी एक प्यारी बेटी जीवा है। आइए आज धोनी के जन्मदिन पर जानते हैं उनकी और साक्षी की दिलचस्प प्रेम कहानी।


धोनी और साक्षी रांची के स्कूल में एक साथ पढ़ते थे
धोनी का जन्म झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था लेकिन उनका परिवार उत्तराखंड के अल्मोडा जिले से है। धोनी के पिता पान सिंह रांची के मैकॉन में नौकरी करते थे और इस वजह से वह यहीं बस गये। वहीं साक्षी सिंह रावत का संबंध कोलकाता से था। साक्षी के पिता और धोनी के पिता मैकॉन में काम करते थे और वे दोस्त थे। तो धोनी और साक्षी भी एक दूसरे को बचपन से जानते थे। यहां तक कि वे रांची के स्कूल में भी एक साथ पढ़ते थे। हालाँकि बाद में साक्षी सिंह का परिवार देहरादून में बस गया।


इस तरह 10 साल बाद साक्षी और धोनी की मुलाकात हुई
साक्षी अपने परिवार के साथ देहरादून शिफ्ट हो गई थीं। करीब 10 साल बाद साल 2007 में एक बार फिर धोनी और साक्षी की मुलाकात कोलकाता में हुई। दरअसल, इस दौरान टीम इंडिया कोलकाता के ताज बंगाल होटल में ठहरी हुई थी और दिलचस्प बात ये है कि साक्षी यहीं से अपनी इंटर्नशिप कर रही थीं। साक्षी के मैनेजर युधाजीत दत्ता ने धोनी और उनकी मुलाकात कराई थी।


साक्षी और धोनी की शादी 4 जुलाई 2010 को हुई थी
इस मुलाकात के दौरान धोनी ने साक्षी का फोन नंबर ले लिया था। इसके बाद उन्होंने साक्षी को मैसेज भी किया। फिर क्या था, दोनों की मुलाकातों का सिलसिला बढ़ता गया और फिर दो साल बाद धोनी ने साक्षी के सामने अपने प्यार का इजहार कर दिया। धोनी और साक्षी की शादी 4 जुलाई 2010 को हुई थी। इस जोड़े ने 6 फरवरी 2015 को एक प्यारी सी बेटी जीवा का स्वागत किया था। फिलहाल, धोनी और साक्षी अपनी बेटी के साथ खुशहाल जीवन का आनंद ले रहे हैं।