×

Nushrratt Bharuccha Birthday : जय संतोषी मां से नुसरत ने शुरू किया था एक्टिंग का सफ़र, इस फिल्म से मारी थी बॉलीवुड में एंट्री 

 

17 मई 1985 को मुंबई में जन्मी नुसरत भरूचा को आज किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, उन्हें अपने सपने को पूरा करने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने लगभग 10 साल तक बॉलीवुड में संघर्ष किया और सफलता का स्वाद चखा। बता दें कि नुसरत ने अपनी पढ़ाई मुंबई में ही पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने अभिनय की दुनिया का सफर शुरू किया।


बता दें कि नुसरत के करियर की शुरुआत टीवी इंडस्ट्री से हुई थी। वह पहली बार साल 2002 के दौरान जीटीवी के सीरियल किट्टी पार्टी में नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने सोनी के सीरियल सेवन में भी काम किया। किट्टी पार्टी में नुसरत का किरदार कुछ हफ्तों के लिए था, लेकिन सेवन में वह मुख्य भूमिका में थीं। हालांकि दोनों सीरियल से उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ।


नुसरत ने साल 2006 में बॉलीवुड में डेब्यू किया और फिल्म जय संतोषी मां में नजर आईं। हालांकि, उन्हें विशेष नोटिस नहीं दिया गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्म एलएसडी यानी लव सेक्स और धोखा में काम किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। नुसरत को असली पहचान साल 2011 में रिलीज हुई फिल्म प्यार का पंचनामा से मिली, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद उनकी फिल्म प्यार का पंचनामा 2 भी सुपरहिट रही थी। वहीं, सोनू के टीटू की स्वीटी में वैम्प का रोल निभाकर उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी थी।


बता दें कि नुसरत भरूचा आयुष्मान खुराना की ड्रीम गर्ल में भी काम कर चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने जनहित में रिलीज के अलावा अक्षय कुमार की रामसेतु और सेल्फी में भी अपने अभिनय का जादू दिखाया। बता दें कि नुसरत भरूचा अपने ग्लैमरस लुक के लिए काफी मशहूर हैं। वह सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करती हैं, जिन्हें फैंस काफी पसंद करते हैं।