Happy Birthday Sargun Mehta : TV इंडस्ट्री इ बाहर निकल सरगुन ने पंजाबी फिल्मों में कमाया नाम, इस टीवी शो से शुरू की एक्टिंग

छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री और अभिनेता रवि दुबे की पत्नी सरगुन मेहता किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। सरगुन काफी समय से न सिर्फ टीवी पर बल्कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी एक्टिंग का जलवा दिखा रही हैं। वह पंजाबी इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। सरगुन मेहता ने अपने करियर में अब तक हर तरह के टीवी शो और फिल्मों में काम किया है। आपकी पसंदीदा एक्ट्रेस सरगुन आज यानी 6 सितंबर को अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं। आज इस खास मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी के अनसुने किस्से बताने जा रहे हैं।
सरगुन मेहता का जन्म 6 सितंबर 1988 को चंडीगढ़ में हुआ था। चंडीगढ़ के एक प्राइवेट स्कूल से पढ़ाई करने के बाद सरगुन ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया। इसके बाद उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई शुरू की लेकिन एक्टिंग में दिलचस्पी के चलते सरगुन ने यह कोर्स बीच में ही छोड़ दिया। आपको जानकर हैरानी होगी कि सरगुन का रूझान बचपन से ही थिएटर, एक्टिंग और डांसिंग की ओर था। जब सरगुन छोटी थीं तो उन्होंने अपने भाई के साथ डांस रियलिटी शो बूगी वूगी के लिए ऑडिशन दिया था। लेकिन उस वक्त दोनों को सफलता नहीं मिली।
सरगुन मेहता ने साल 2009 में प्रसारित टीवी शो '12/24 करोल बाग' के लिए पढ़ाई छोड़ने का फैसला लिया था। इसके साथ ही सरगुन ने टीवी की दुनिया में कदम रखा था। 'जी टीवी' के इस सीरियल में उनके अभिनय और उनके सहायक किरदार को काफी सराहा गया था. '12/24 करोल बाग' में काम करने के बाद वह साल 2012 में 'फुलवा' में नजर आईं और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'फुलवा' में काम करने के दौरान उन्होंने शो 'क्या हुआ तेरा वादा' में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद साल 2013 में उन्होंने 'बालिका वधू' के साथ-साथ 'कॉमेडी सर्कस के अजूबे' में भी काम किया।
छोटे पर्दे पर खुद को साबित करने के बाद सरगुन मेहता ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रवि दुबे के साथ शादी करने का फैसला किया। रवि ने सरगुन के पहले सीरियल '12/24 करोल बाग' में काम किया था और उसी दौरान इन दोनों को एक-दूसरे से प्यार भी हो गया। सरगुन और रवि दिसंबर 2013 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों ने शादी के तुरंत बाद 'नच बलिए 6' में हिस्सा लिया था। इसके बाद सरगुन ने शो के सेट पर अपनी होस्टिंग स्किल्स दिखाईं, जिसमें उन्हें बचपन में रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था। जी हां, सरगुन ने नच बलिए में हिस्सा लेने के बाद 'बूगी-वूगी' होस्ट किया था।
टीवी इंडस्ट्री में पॉपुलर होने के बाद सरगुन मेहता ने पंजाबी फिल्मों की ओर रुख किया। एक्ट्रेस ने साल 2015 में पंजाबी रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'अंगरेज़' से डेब्यू किया था। सरगुन की पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थी। इतना ही नहीं, यह उस साल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पंजाबी फिल्म बन गई। सरगुन को 'अंगरेज़' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री श्रेणी में पीटीसी पंजाबी फिल्म पुरस्कार भी मिला। इसके बाद सरगुन ने साल 2016 में फिल्म 'पंजाब' और साल 2017 में 'लाहौरिए' में काम किया। सरगुन ने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर में सात बार बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। साल 2019 में आई उनकी फिल्म 'काला शाह काला' भी सुपरहिट रही। इसके साथ ही वह इसी साल एमी विर्क के साथ फिल्म 'सौकने-सौकने' में भी नजर आई थीं।